Journo Mirror
Uncategorized

मधेपुरा: विनोद ने मुस्लिम मां-बेटी पर फेंका तेजाब, 2 साल पहले बनवाए गए गहने लेने आई थी

बिहार के Madhepura जिले में एक जौहरी द्वारा मां-बेटी पर तेजाब फेंकने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं दो साल पहले शादी के लिए बनवाए गए गहने लेने जौहरी की दुकान पर पहुंची थीं।

हमले में 55 वर्षीय जुलेखा खातून और उनकी 22 वर्षीय बेटी अस्मा प्रवीण गंभीर रूप से झुलस गईं और उनका इलाज मधेपुरा के सदर अस्पताल में चल रहा है। आरोपी की पहचान विनोद स्वर्णकार के रूप में हुई है, जो पुरानी बाजार इलाके में “संध्या ज्वैलर्स” नाम की दुकान चलाता है।

घटना के बाद वह दुकान बंद कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में उसकी पत्नी को हिरासत में लिया है और मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।

पीड़ित परिवार के अनुसार, जुलेखा खातून ने अपनी बड़ी बेटी की शादी के लिए करीब दो साल पहले जौहरी को गहने बनाने का ऑर्डर दिया था। इसके लिए उन्होंने पहले 12,000 रुपये और बाद में 13,000 रुपये मिलाकर कुल 25,000 रुपये अग्रिम दिए थे। शादी 24 मार्च को तय है, इसलिए वे गहने लेने दुकान पर पहुंची थीं।

परिवार का कहना है कि जब उन्होंने गहने देने या पैसे वापस करने की मांग की तो जौहरी ने उन्हें फिर से टालने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों पक्षों में बहस बढ़ गई और गुस्से में आकर आरोपी ने काउंटर पर रखी तेजाब की बोतल उठाकर मां-बेटी के चेहरे पर फेंक दी।

तेजाब से दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने पीड़ितों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है। वहीं आरोपी की तरफ से यह दावा किया गया है कि महिलाएं लूट के इरादे से दुकान में घुसी थीं, लेकिन पीड़ित परिवार ने इस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया है।

Related posts

Leave a Comment