Journo Mirror
India

केरल: क्रिसमस कैरोल गाने वाले बच्चों पर हमला, BJP-RSS कार्यकर्ता गिरफ्तार

केरल के पलक्कड़ जिले के पुथुस्सेरी इलाके में क्रिसमस कैरोल गाने वाले बच्चों के एक समूह पर कथित हमले के मामले में भाजपा-आरएसएस से जुड़े एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

यह इलाका वालयार से महज एक किलोमीटर की दूरी पर है, जहां हाल ही में छत्तीसगढ़ के एक दलित प्रवासी मजदूर की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अश्विन राज के रूप में हुई है, जो भारतीय जनता पार्टी–राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है और पुथुस्सेरी के कलादिथारा का निवासी है. कासाबा पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है और जल्द ही अदालत में पेश किए जाने की संभावना है।

यह घटना सोमवार देर रात पुथुस्सेरी के सुरभि नगर में उस वक्त हुई, जब लगभग 10 लोगों का एक समूह क्रिसमस कैरोल गा रहा था। आरोप है कि अश्विन राज ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर समूह पर हमला किया और चिल्लाते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों की इलाके में अनुमति नहीं दी जाएगी। हमलावरों पर बैंड सेट और अन्य संगीत उपकरणों को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है।

खबरों के अनुसार, विवाद उस ड्रम को लेकर हुआ जिस पर “CPI(M)” लिखा हुआ था। इसके बाद कथित तौर पर हमला किया गया। कैरोल समूह ने कासाबा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें कहा गया कि हमलावर भाजपा-आरएसएस से जुड़े कार्यकर्ता थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित समूह ने बताया कि वे किसी तरह भागने में सफल रहे। उनका दावा है कि हमलावर लाठियों से लैस थे और जबरन प्रदर्शन रोकने की कोशिश कर रहे थे।

कासाबा इंस्पेक्टर एम. सुजीत ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि केस दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) की पुथुस्सेरी क्षेत्र समिति के नेताओं ने बताया कि पीड़ितों में 10 से 15 वर्ष की उम्र के बच्चे शामिल थे।

उन्होंने कहा कि बच्चों के अनुरोध पर हर साल की तरह इस बार भी कैरोल का आयोजन किया गया था। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा-आरएसएस कार्यकर्ता सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने और इलाके के शांतिपूर्ण माहौल को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

Related posts

Leave a Comment