Journo Mirror
India

स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की प्रतिष्ठित फिशर फैमिली समर फेलोशिप के लिए पूर्व विधायक दिलीप कुमार पाण्डेय का चयन

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा के पूर्व विधायक और पूर्व मुख्य सचेतक दिलीप कुमार पाण्डेय का चयन स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की प्रतिष्ठित ‘फिशर फैमिली समर फेलोज ऑन डेमोक्रेसी एंड डेवलपमेंट प्रोग्राम 2026’ के लिए हुआ है। इस वर्ष दुनिया के 19 देशों से 26 अनुभवी प्रतिभागियों को इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के लिए चुना गया है।

दिलीप कुमार पाण्डेय इस बैच में शामिल होने वाले भारत के एकमात्र पूर्व निर्वाचित जनप्रतिनिधि हैं। यह फेलोशिप स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के सेंटर ऑन डेमोक्रेसी, डेवलपमेंट एंड द रूल ऑफ लॉ (CDDRL) द्वारा आयोजित की जाती है। कार्यक्रम का उद्देश्य लोकतंत्र, सुशासन, विकास, सार्वजनिक नीति और संस्थागत सुधार के क्षेत्र में काम कर रहे अनुभवी लोगों को एक वैश्विक मंच प्रदान करना है।

तिमारपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके दिलीप पाण्डेय ने विधायक के रूप में दिल्ली से जुड़े जनमुद्दों को प्रमुखता से उठाया। कोविड-19 महामारी के दौरान उनके राहत कार्यों और आम जनता के साथ सीधे जुड़ाव को भी उनके सार्वजनिक जीवन के महत्वपूर्ण पहलुओं के रूप में देखा जाता है।

स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के अनुसार, 2026 का फेलोशिप कार्यक्रम 19 जुलाई से 7 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जाएगा। तीन सप्ताह के इस आवासीय कार्यक्रम में दुनिया भर के प्रतिभागी लोकतंत्र, विकास, कानून का शासन और सार्वजनिक नीति से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श करेंगे।

दिलीप पाण्डेय का शोध कार्य ‘मध्यस्थ दर्शन’ (Coexistentialism) पर केंद्रित है। उनका मानना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नैतिकता, जनभागीदारी और जवाबदेही को केंद्र में रखना जरूरी है।

फेलोशिप के लिए चयन पर दिलीप पाण्डेय ने कहा कि एक पूर्व विधायक के रूप में प्राप्त उनका व्यावहारिक अनुभव उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की बारीकियों को समझने में मदद करता है। उन्होंने कहा कि यह फेलोशिप भारत के लोकतांत्रिक अनुभवों को वैश्विक मंच पर साझा करने और लोकतंत्र को अधिक मानवीय एवं जवाबदेह बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है।

दिलीप पाण्डेय को ‘स्कॉलर-प्रैक्टिशनर’ के रूप में भी जाना जाता है। हांगकांग में आईटी क्षेत्र में अपने करियर को छोड़कर वह ‘इंडिया अगेंस्ट करप्शन’ आंदोलन से जुड़े और बाद में राजनीति के माध्यम से जनसेवा के क्षेत्र में आए। वर्तमान में वह आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश सह-प्रभारी और पार्टी के विदेशी प्रकोष्ठ (AAP Overseas) के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

Related posts

Leave a Comment