राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) की पार्लियामेंटरी बोर्ड के चेयरमैन केसी त्यागी ने कहा है कि महात्मा गांधी को छोड़कर मौलाना अबुल कलाम आज़ाद के कद का कोई दूसरा नेता नहीं था। उन्होंने मौलाना आज़ाद को देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्र निर्माताओं में से एक बताते हुए कहा कि उनके योगदान और विचारों को बार-बार याद किया जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी उनके ऐतिहासिक महत्व को समझ सकें।
केसी त्यागी ने यह बात नई दिल्ली स्थित प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में वतन समाचार की ओर से आयोजित 15वें राष्ट्रीय सम्मेलन में कही। सम्मेलन का विषय ‘राष्ट्र निर्माण में भारत रत्न मौलाना अबुल कलाम आज़ाद की भूमिका’ था। इस दौरान मौलाना आज़ाद के राजनीतिक विचारों, स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका और देश के निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा हुई।
सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि मौलाना आज़ाद ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और आजादी के बाद देश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में अहम योगदान दिया। भारत के पहले शिक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने आधुनिक शिक्षा के विकास और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रयास किए।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, सामाजिक सेवा, पत्रकारिता और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को ‘वतन के रत्न अवॉर्ड्स 2026’ से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में गीतांजलि दुबे, पतेश्वरी, बिंदु गुज्जर, शमीम अहमद, एमए हाशमी, अजमल, अज़मत अली खान, हैदर अब्बास और फुरकान अली सहित कई लोग शामिल रहे।
कार्यक्रम में राजू गुज्जर, कर्नल ताहिर मुस्तफा, प्रोफेसर दिव्या, अधिवक्ता फिरोज गाजी, वर्षा शर्मा, केसी शर्मा, शहजादा भाई, फिरोज बख्त अहमद, यूसुफ हरियाली, केसी जॉर्ज, इकराम मिशन तालीम और मोहम्मद अहमद हाशमी समेत कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे। सभी ने मौलाना आज़ाद की विरासत, उनके विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

