नई दिल्ली: केरल के वायनाड जिले में सांप्रदायिक सौहार्द और इंसानियत की मिसाल पेश करने वाले दो मुस्लिम भाइयों की कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सराहना की है। दोनों भाइयों ने एक 85 वर्षीय हिंदू बुजुर्ग महिला की उनके अंतिम दिनों तक देखभाल की और उनकी मृत्यु के बाद उनकी आखिरी इच्छा का सम्मान करते हुए हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार कराया।
मृतक महिला की पहचान कल्याणीकुट्टी अम्मा के रूप में हुई है। 10 नवंबर को वायनाड के मुप्पैनड स्थित चित्रगिरी में उनका निधन हो गया था। उनके कोई बच्चे या करीबी रिश्तेदार नहीं थे, जो उनकी देखभाल कर सकें या अंतिम संस्कार की व्यवस्था कर सकें। ऐसे में उनके मुस्लिम पड़ोसी रजाक और सुलेमान ने उनकी जिम्मेदारी उठाई। दोनों भाइयों ने बुजुर्ग महिला के जीवन के आखिरी वर्षों में उनका ख्याल रखा और उन्हें अपने परिवार के सदस्य की तरह प्यार और सम्मान दिया।
प्रियंका गांधी के कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, दोनों भाइयों ने कल्याणीकुट्टी अम्मा की अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार उनके अंतिम संस्कार की व्यवस्था की। प्रियंका गांधी ने रजाक को फोन कर इस मानवीय पहल के लिए उनका और उनके परिवार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि परिवार ने बुजुर्ग महिला की देखभाल अपनी मां की तरह की और उनके प्रति अपनी जिम्मेदारियां पूरी कीं।
प्रियंका गांधी ने इस घटना को धार्मिक मतभेदों से ऊपर उठकर इंसानियत, आपसी सम्मान और सांप्रदायिक सद्भाव की मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग महिला की धार्मिक परंपराओं के अनुसार अंतिम संस्कार करना उनकी इच्छाओं के प्रति सम्मान को दर्शाता है। उनके कार्यालय ने भी मुस्लिम परिवार के इस कदम को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इससे वायनाड को गर्व महसूस हुआ है।
गौरतलब है कि प्रियंका गांधी शनिवार को अपना चार दिवसीय वायनाड दौरा पूरा कर दिल्ली लौटीं। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का दौरा किया और स्थानीय लोगों से मुलाकात की। मुस्लिम भाइयों की इस पहल की सराहना करते हुए उन्होंने इसे भाईचारे और धार्मिक सौहार्द का ऐसा उदाहरण बताया, जिसकी जरूरत पूरे देश को है।

