नई दिल्ली: साकेत में दो महिला पत्रकारों शाहीन खान और नफीसा खान के साथ कथित मारपीट के मामले में प्रेस क्लब ऑफ इंडिया समेत कई प्रमुख पत्रकार संगठनों ने कड़ी निंदा की है। प्रेस क्लब ऑफ इंडिया, इंडियन वुमेन्स प्रेस कॉर्प्स, दिल्ली यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स, प्रेस एसोसिएशन और केरल यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट ने संयुक्त प्रेस बयान जारी कर मामले में दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
संगठनों के मुताबिक, दोनों पत्रकार साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा नए विंग के उद्घाटन कार्यक्रम की रिपोर्टिंग कर रही थीं। आरोप है कि साकेत थाने से जुड़े दिल्ली पुलिस के कुछ जवानों ने पहले मौके पर दोनों पत्रकारों के साथ कथित तौर पर बदसलूकी और मारपीट की, जिसके बाद उन्हें जबरन पुलिस वाहन में बैठाकर साकेत थाने ले जाया गया।
प्रेस बयान में आरोप लगाया गया है कि थाने पहुंचने के बाद SHO के कथित निर्देश पर दोनों पत्रकारों को एक कमरे में ले जाया गया, जहां महिला पुलिसकर्मियों समेत अन्य अधिकारियों ने उनके साथ मारपीट की। बयान के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने उनकी धार्मिक पहचान के बारे में जानकारी लेने के बाद कथित तौर पर धर्म विशेष को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और उन्हें FIR दर्ज करने की धमकी भी दी।
पत्रकार संगठनों ने कहा कि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दोनों पत्रकारों के शरीर पर कथित चोट और सूजन के निशान दिखाई दे रहे हैं। संगठनों ने इस पूरे घटनाक्रम को प्रेस की स्वतंत्रता के लिए गंभीर चिंता का विषय बताते हुए पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्रेस क्लब ऑफ इंडिया और संबंधित संगठनों ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार से मामले की स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की अपील की है। उनका कहना है कि कथित हमले में शामिल पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
संगठनों ने प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया से भी इस मामले का स्वतः संज्ञान लेने और पुलिस अधिकारियों द्वारा पत्रकारों को कथित रूप से दबाने के आरोपों की स्वतंत्र जांच शुरू करने की मांग की है।
गौरतलब है कि शाहीन खान और नफीसा खान ने भी साकेत थाने में धरना देकर कथित मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की थी। मामले में पुलिस की ओर से लगाए गए आरोपों पर विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।

