काबुल में एक अस्पताल पर हुए भीषण हवाई हमले को लेकर भारत ने पाकिस्तान की कड़ी निंदा की है। भारत के विदेश मंत्रालय ने इस हमले को “कायरतापूर्ण और अमानवीय” बताते हुए कहा कि यह निर्दोष नागरिकों पर सीधा हमला है।
घटना में मरने वालों की संख्या 400 से अधिक बताई जा रही है, जबकि सैकड़ों लोग घायल हुए हैं।
यह हमला ओमिद ड्रग रिहैबिलिटेशन हॉस्पिटल पर हुआ, जहां नशा मुक्ति का इलाज चल रहा था। अफगान अधिकारियों के मुताबिक, इस केंद्र के आसपास कोई सैन्य ठिकाना नहीं था।
हमले में अस्पताल की इमारत पूरी तरह तबाह हो गई और कई मरीजों की मौके पर ही मौत हो गई।
भारत ने कहा कि पाकिस्तान की यह कार्रवाई अफगानिस्तान की संप्रभुता पर सीधा हमला है और इससे क्षेत्रीय शांति को खतरा है। साथ ही भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से दोषियों को जवाबदेह ठहराने और ऐसे हमलों को रोकने की अपील की है।
वहीं, पाकिस्तान ने अस्पताल को निशाना बनाने से इनकार किया है। पाकिस्तानी अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने केवल आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए हैं और अफगानिस्तान के आरोप बेबुनियाद हैं।
इस घटना पर संयुक्त राष्ट्र ने भी चिंता जताई है और स्वतंत्र जांच की मांग की है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत अस्पतालों और नागरिक ठिकानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की गई है।

