झारखंड के गढ़वा जिले में राम नवमी के जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच हुई झड़प के मामले में पुलिस ने 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को हथकड़ी लगाकर सार्वजनिक रूप से पेश किए जाने का मामला भी सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, महा अष्टमी के अवसर पर निकाले जा रहे जुलूस के दौरान कौआखोह शिव चबूतरा के पास विवाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि धार्मिक झंडे लगाने और पटाखे फोड़ने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले विवाद बढ़ा और फिर दोनों ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा और आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी समेत कई लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें 13 मुस्लिम और 6 हिंदू समुदाय के लोग शामिल बताए जा रहे हैं।
पलामू रेंज के डीआईजी किशोर कौशल और गढ़वा के एसपी अमन कुमार ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

