गाजा में सर्दियों के पहले तूफान और भारी बारिश ने विस्थापित फिलिस्तीनियों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। गाजा के सरकारी मीडिया कार्यालय के मुताबिक, महज 12 घंटे की बारिश में कम से कम 70 हजार टेंट पानी में डूब गए। इन टेंटों में वे परिवार रह रहे थे, जो इजरायली हमलों के कारण पहले ही अपने घरों से बेघर हो चुके हैं।
भारी बारिश के कारण विस्थापित परिवारों के टेंटों में पानी भर गया, जबकि उनके कंबल, गद्दे और जरूरी सामान भी भीग गए। गाजा के सरकारी मीडिया कार्यालय ने शुरुआती नुकसान का अनुमान करीब 30 लाख डॉलर लगाया है। बारिश और तेज हवाओं के कारण कई इमारतों की दीवारें भी गिर गईं, जिससे लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों ने जर्जर इमारतों के और ढहने की आशंका भी जताई है।
गाजा की नागरिक सुरक्षा एजेंसी के मुताबिक, बारिश शुरू होने के महज 10 घंटे के भीतर उसे करीब 1,500 आपातकालीन कॉल मिलीं। कई राहत शिविरों में पानी का स्तर 30 से 40 सेंटीमीटर तक पहुंच गया। नागरिक सुरक्षा के प्रवक्ता महमूद बसल ने अल जजीरा को बताया कि कुछ राहत शिविर पूरी तरह पानी में डूब गए, जिसके बाद वहां रह रहे परिवारों को दूसरी जगह जाने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि समय से पहले जन्मे बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग सबसे ज्यादा खतरे में हैं।
गाजा के नागरिक सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि उनके पास राहत और बचाव कार्यों के लिए पर्याप्त ईंधन, उपकरण और संसाधन नहीं हैं। गाजा में नागरिक सुरक्षा विभाग के निदेशक राएद अल-दहशान ने कहा कि उनके पास एक भी तिरपाल या अतिरिक्त टेंट नहीं है। उन्होंने बताया कि उनकी टीमें फिलहाल केवल लोगों की जान बचाने की कोशिश कर पा रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इजरायली हमलों में सैकड़ों बचाव वाहन, बुलडोजर और पानी निकालने वाले पंप भी नष्ट हो चुके हैं।
गाजा की आपातकालीन समिति के अनुसार, दस लाख से अधिक विस्थापित लोगों के सामने सर्दियों में रहने का गंभीर संकट है। उन्हें तत्काल करीब दो लाख टेंट और गर्मी से बचाव के जरूरी सामान की आवश्यकता है। वहीं, अल-मवासी जैसे इलाकों में समुद्र के किनारे रह रहे लाखों विस्थापित लोगों के टेंट तेज हवाओं और समुद्र के बढ़ते पानी के कारण भी खतरे में हैं।
बारिश का असर गाजा की पहले से तबाह स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी पड़ा है। अल-शिफा मेडिकल कॉम्प्लेक्स के निदेशक मोहम्मद अबू सलमिया के मुताबिक, अस्पताल का आपातकालीन विभाग पानी भरने के कारण करीब चार घंटे तक बंद रहा। उन्होंने चेतावनी दी कि बारिश के पानी में सीवेज मिलने से पेट, सांस और त्वचा से जुड़ी बीमारियां बढ़ सकती हैं। उन्होंने नवजात बच्चों के लिए विशेष चिंता जताते हुए कहा कि ठंड से उनकी जान को गंभीर खतरा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन ने अक्टूबर में चेतावनी दी थी कि गाजा की सर्दियों से बचाव संबंधी जरूरतों का केवल 17 प्रतिशत हिस्सा ही पूरा हो पाया है। करीब 8,600 आपातकालीन आश्रय किट अब भी इजरायल की ओर से रोकी गई हैं। राहत संगठनों का आरोप है कि टेंट, अस्थायी घर और अन्य जरूरी सामान को गाजा में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। फिलिस्तीनी एनजीओ नेटवर्क के निदेशक मोहम्मद सलहा के मुताबिक, युद्धविराम समझौते के तहत प्रतिदिन 600 सहायता ट्रकों के प्रवेश की बात थी, लेकिन गाजा में प्रतिदिन केवल 180 से 200 ट्रक ही पहुंच रहे हैं।
गाजा के विभिन्न फिलिस्तीनी संगठनों ने मध्यस्थ देशों और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से युद्धविराम के मानवीय प्रावधानों को लागू कराने की अपील की है। उन्होंने मांग की है कि प्रतिदिन कम से कम 600 सहायता ट्रक गाजा में प्रवेश करें, जिनमें टेंट, गर्म कपड़े, हीटिंग उपकरण, अस्थायी आवास और बचाव कार्यों का सामान शामिल हो। संगठनों ने इजरायल पर मानवीय सहायता रोकने का आरोप लगाते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है।

