Journo Mirror
Uncategorized

मानसिक रूप से अस्वस्थ मुस्लिम युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, पिता ने पुलिस से की FIR दर्ज़ करने की मांग

बिहार: सहरसा जिले के नौहट्टा थाना क्षेत्र में मानसिक रूप से अस्वस्थ एक युवक के साथ कथित तौर पर मारपीट, अमानवीय व्यवहार और उसे तार से हाथ-पैर बांधकर बंधक बनाने का मामला सामने आया है। युवक के पिता अजाज अहमद ने नौहट्टा थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, अजाज अहमद का पुत्र ओजफा मानसिक रूप से अस्वस्थ (दिव्यांग) है और मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहने के कारण कई बार परिस्थितियों को सामान्य व्यक्ति की तरह समझने तथा अपना बचाव करने में असमर्थ रहता है। आवेदन में कहा गया है कि 31 अगस्त 2026 की सुबह ओजफा घर से निकलकर भटकते हुए शाहपुर गांव चला गया था।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि शाहपुर गांव में शिव नंदन पासी, उनके पुत्र दीपक पासी, उनकी पत्नी तथा कुछ अज्ञात लोगों ने युवक को पकड़ लिया और उसके हाथ-पैर तार से बांध दिए। इसके बाद कथित तौर पर उसके शरीर से कपड़े उतारकर उसे निर्वस्त्र किया गया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। शिकायत के मुताबिक युवक के शरीर पर मारपीट के निशान भी हैं।

अजाज अहमद ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उनके बेटे को उसकी जाति और धर्म के आधार पर अपमानित और प्रताड़ित किया तथा गाली-गलौज भी की। शिकायत में कहा गया है कि मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक के साथ इस तरह का व्यवहार उसके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकता है।

शिकायत के मुताबिक घटना के समय युवक के हाथ में घड़ी और जेब में करीब 400 रुपये नकद थे, जिन्हें कथित तौर पर आरोपियों ने छीन लिया। युवक के जींस और टी-शर्ट भी उतारकर ले जाने का आरोप लगाया गया है।

पिता ने पुलिस से ओजफा का तत्काल मेडिकल परीक्षण कराने, शरीर पर चोटों का विवरण मेडिकल रिपोर्ट में दर्ज कराने, हाथ-पैर बांधने में इस्तेमाल तार को जब्त करने, आरोपियों एवं प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने तथा घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज व फोटो-वीडियो साक्ष्यों की जांच करने की मांग की है।

अजाज अहमद ने आवेदन में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और अन्य लागू कानूनों के तहत कड़ी कार्रवाई करने तथा अपने बेटे और परिवार को धमकी, दबाव या दोबारा उत्पीड़न से सुरक्षा देने की भी मांग की है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस की ओर से इस मामले में कार्रवाई की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

Related posts

Leave a Comment