Journo Mirror
India

मुर्शिदाबाद हिंसा: RSS नेता समेत 30 लोगों को हिरासत में लिया

रामनवमी के जुलूस के दौरान मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर उपमंडल के रघुनाथगंज इलाके में हिंसा भड़क उठी। इस घटना में करीब 30 लोग घायल हो गए, जबकि पुलिस ने आरएसएस से जुड़े एक नेता समेत लगभग 30 लोगों को हिरासत में लिया है। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

बताया जा रहा है कि जुलूस के दौरान कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने के बाद विवाद शुरू हुआ, जो जल्द ही हिंसा में बदल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ दुकानों और वाहनों में तोड़फोड़ की गई और आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

घटना के बाद केंद्रीय बल, रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और स्थानीय पुलिस को तैनात किया गया। घायलों का इलाज जंगीपुर उपमंडल अस्पताल में चल रहा है। पुलिस का कहना है कि संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है ताकि स्थिति दोबारा न बिगड़े।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि हमला सुनियोजित था और खास समुदाय को निशाना बनाया गया। वहीं, दूसरी ओर कुछ राजनीतिक नेताओं ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जुलूस को बाधित करने के लिए साजिश रची गई थी।

इस घटना पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गई हैं। विभिन्न दलों के नेताओं ने हिंसा की निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि हिंसा फैलाने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और प्रशासन को निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

फिलहाल इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा गया है।

Related posts

Leave a Comment