राजधानी के जनपथ इलाके में स्थित McDonald’s आउटलेट के बाहर Indian People in Solidarity with Palestine (IPSP) के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को एक फ्लैश प्रोटेस्ट आयोजित किया। यह प्रदर्शन वैश्विक Boycott, Divestment and Sanctions (BDS) अभियान के तहत किया गया, जिसमें फिलिस्तीन के समर्थन में आवाज उठाई गई।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मैकडॉनल्ड्स और Coca-Cola पर फिलिस्तीन में हो रही हिंसा में कथित संलिप्तता के आरोप लगाए। उन्होंने राहगीरों और ग्राहकों से इन कंपनियों के बहिष्कार की अपील की और पर्चे बांटकर लोगों को जागरूक किया।
IPSP के एक कार्यकर्ता रऊफ ने आरोप लगाया कि मैकडॉनल्ड्स इज़रायली सेना को समर्थन दे रहा है। उन्होंने कहा कि “यह वही ताकतें हैं जो फिलिस्तीनियों पर लगातार अत्याचार कर रही हैं।” वहीं, कोका-कोला को लेकर भी कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि उसकी इज़रायल में मौजूद फ्रेंचाइज़ी गतिविधियां विवादित क्षेत्रों से जुड़ी हुई हैं।
एक अन्य कार्यकर्ता योगेश ने हाल ही में इज़रायल की संसद में पारित कथित कड़े कानूनों का जिक्र करते हुए कहा कि इससे फिलिस्तीनी कैदियों के लिए खतरा बढ़ा है। उन्होंने इसे “अमानवीय” बताते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से विरोध की अपील की।
प्रदर्शन में शामिल शिवम ने BDS आंदोलन को फिलिस्तीन की आजादी की लड़ाई से जोड़ते हुए कहा कि यह संघर्ष किसी धर्म का नहीं, बल्कि एक उत्पीड़ित राष्ट्र की आज़ादी का सवाल है। उन्होंने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन से इसकी समानता भी बताई।
IPSP के कार्यकर्ताओं ने कहा कि फिलिस्तीन के साथ खड़ा होना इंसानियत के साथ खड़ा होना है और सभी न्यायप्रिय लोगों से इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, हालांकि मौके पर कुछ देर के लिए हलचल का माहौल बना रहा।

