Journo Mirror
India

ओडिशा: हिंदुत्ववादी भीड़ ने चर्च के कुछ हिस्सों को तोड़ा, अगले दिन प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर पूरा चर्च ध्वस्त किया

ओडिशा के कोरापुट जिले में ईसाई समुदाय के धार्मिक स्थल को निशाना बनाए जाने का मामला सामने आया है। जिले के पेट्रागुड़ा गांव में शनिवार को कथित तौर पर हिंदुत्ववादी भीड़ ने एक छोटे चर्च की छत और उसके कुछ हिस्सों को तोड़ दिया। इसके अगले दिन रविवार को जिला प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर चर्च के बचे हुए ढांचे को भी ध्वस्त कर दिया।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में ग्रामीणों को चर्च की छत और उसके अन्य हिस्सों को हाथों से तोड़ते हुए देखा जा सकता है। पत्रकार अमिया पांडेव ने आरोप लगाया कि चर्च पर हमले की सूचना पुलिस को पहले ही दे दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद पुलिस मूकदर्शक बनी रही। उन्होंने बताया कि यह चर्च करीब 15 से 20 साल पुराना था और निजी जमीन पर बनाया गया था।

अमिया पांडेव ने आरोप लगाया कि चर्च को तोड़ने वाली भीड़ में स्थानीय भाजपा विधायक के समर्थक शामिल थे। उन्होंने ओडिशा में भाजपा की सरकार के दौरान अल्पसंख्यक समुदायों को निशाना बनाए जाने का आरोप भी लगाया। वहीं, पत्रकार रोशनी हाओकिप ने इस घटना की आलोचना करते हुए कहा कि यह धार्मिक स्वतंत्रता और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में राज्य सरकार की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने प्रशासन की चुप्पी पर भी सवाल उठाए।

कोरापुट जिले में ईसाई समुदाय के खिलाफ हिंसा की यह पहली घटना नहीं है। जून 2025 में नारायणपटना और बंधुगांव ब्लॉक में ईसाई परिवारों के घरों पर कथित हमलों के बाद कई परिवारों को अपने घर छोड़कर जंगलों में शरण लेनी पड़ी थी। यह हमले 9 जून को हुए थे। इससे कुछ घंटे पहले राष्ट्रीय ईसाई मोर्चा ने राष्ट्रपति को ओडिशा के राज्यपाल के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर ईसाई समुदाय के खिलाफ कथित उत्पीड़न से सुरक्षा की मांग की थी।

इसके अलावा, 23 अगस्त को कंधमाल जिले में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के नेताओं पर जिले को ‘चर्च मुक्त’ बनाने, चर्चों में लगे क्रॉस को स्वास्तिक से बदलने, बाइबिल पढ़ने पर रोक लगाने और पादरियों को क्षेत्र छोड़ने के लिए मजबूर करने की धमकी देने का आरोप लगा था। इससे पहले 5 मार्च को भी ओडिशा में एक पेंटेकोस्टल चर्च पर भीड़ द्वारा हमला कर तोड़फोड़ किए जाने की घटना सामने आई थी। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने राज्य में ईसाई समुदाय की धार्मिक स्वतंत्रता और सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।

Related posts

Leave a Comment