नई दिल्ली: इंडो इस्लामिक हेरिटेज सेंटर (IIHC) की ओर से 23 नवंबर को नई दिल्ली स्थित इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर में ‘भारत और मिस्र में सूफीवाद: शांति, बहुलतावाद और सह-अस्तित्व की साझा विरासत’ विषय पर राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में भारत और मिस्र के विद्वान दोनों देशों की सूफी परंपराओं, आध्यात्मिक विरासत और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने में सूफी विचारधारा की भूमिका पर चर्चा करेंगे।
इस कार्यक्रम में मिस्र की प्रतिष्ठित अल-अज़हर यूनिवर्सिटी, काहिरा के अंतरराष्ट्रीय कानून के प्रोफेसर और ग्रैंड इमाम के सलाहकार प्रो. (डॉ.) मुहम्मद महन्ना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनकी भागीदारी को भारत और मिस्र के बीच शैक्षणिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
सम्मेलन की अध्यक्षता दरगाह हजरत निजामुद्दीन औलिया के सज्जादानशीन हजरत सैयद फरीद अहमद निजामी करेंगे। वहीं, इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर के पूर्व अध्यक्ष सिराजुद्दीन कुरैशी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा जामिया मिल्लिया इस्लामिया के विधि संकाय के डीन प्रो. (डॉ.) गुलाम यजदानी और तंजीम उलमा-ए-इस्लाम के अध्यक्ष मुफ्ती अशफाक हुसैन कादरी भी वक्ता के रूप में अपने विचार रखेंगे।
सम्मेलन में भारत और मिस्र की सूफी परंपराओं के ऐतिहासिक विकास, दोनों देशों के आध्यात्मिक संबंधों और सूफी संतों की शिक्षाओं पर चर्चा होगी। इसके साथ ही समाज में शांति, सहिष्णुता, भाईचारे और विभिन्न धर्मों एवं समुदायों के बीच सह-अस्तित्व की भावना को मजबूत करने में सूफी विचारधारा के योगदान पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
इंडो इस्लामिक हेरिटेज सेंटर के अनुसार, भारत और मिस्र की साझा सूफी विरासत पर यह अकादमिक संवाद दोनों देशों के सांस्कृतिक और बौद्धिक संबंधों को नई मजबूती देने के साथ युवा पीढ़ी और शिक्षाविदों के बीच सूफी दर्शन तथा भारतीय इस्लामी विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगा।
यह सम्मेलन 23 नवंबर 2026, सोमवार को शाम 5:30 बजे इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर, नई दिल्ली के कॉन्फ्रेंस हॉल-2 में आयोजित होगा। आयोजकों ने शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों, धार्मिक विद्वानों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और मीडिया प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

