Journo Mirror
India

फिलिस्तीन के मुद्दे पर राहुल गांधी का रुख पाखंडपूर्ण: पिनराई विजयन

नई दिल्ली: मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPI-M) के वरिष्ठ नेता और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने फिलिस्तीन के मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना की है। उन्होंने राहुल गांधी पर शिकागो विश्वविद्यालय में दिए गए उनके बयान को लेकर दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए इसे “स्पष्ट पाखंड” करार दिया।

पिनराई विजयन ने कहा कि ऐसे समय में जब गाजा में हमारे समय के सबसे विनाशकारी नरसंहारों में से एक जारी है और हजारों निर्दोष बच्चे इसके शिकार हुए हैं, राहुल गांधी खुले तौर पर इजरायल के साथ मजबूत संबंध बनाने और हथियार खरीदने की वकालत कर रहे हैं। उन्होंने इजरायल को गाजा में हो रही तबाही के लिए जिम्मेदार देश बताया।

विजयन ने राहुल गांधी के इस रुख को कूटनीतिक संतुलन बनाने की कोशिश बताते हुए कहा कि इसे किसी भी तरह उचित नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने राहुल गांधी की स्थिति को साम्राज्यवाद समर्थक बताते हुए कहा कि यह जवाहरलाल नेहरू की विदेश नीति की विरासत को कमजोर करती है।

उन्होंने कहा कि जवाहरलाल नेहरू की विदेश नीति साम्राज्यवाद के खिलाफ और फिलिस्तीन के संघर्ष के समर्थन में मजबूती से खड़ी रही थी। विजयन के मुताबिक, फिलिस्तीन के मुद्दे पर राहुल गांधी का मौजूदा रुख नेहरू की इसी ऐतिहासिक विरासत के विपरीत है।

पिनराई विजयन ने अपने बयान में कहा, “जब इंसानियत खुद कटघरे में खड़ी हो, तब संतुलन बनाने की कोई गुंजाइश नहीं हो सकती।”

Related posts

Leave a Comment