Journo Mirror
India

मुझे बदला नहीं, इंसाफ चाहिए, जिन्होंने मेरी जिंदगी में अंधेरा फैलाया, आज वही पूरे देश को अंधेरे में धकेल रहे हैं: बिलकिस बानो

कोच्चि: गुजरात 2002 नरसंहार की पीड़िता बिलकिस बानो ने कहा है कि जिन लोगों ने उनकी जिंदगी में अंधेरा फैलाया था, आज वही पूरे देश को अंधेरे में धकेलने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात में उनके और उनके परिवार के साथ जो क्रूरता हुई, वैसी घटनाएं अब देश के अलग-अलग हिस्सों में दोहराई जा रही हैं। वह केरल के कोच्चि में वेलफेयर पार्टी ऑफ इंडिया के राज्य सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई थीं।

आयोजकों के साथ बातचीत में बिलकिस बानो ने उस भयावह घटना को याद करते हुए कहा कि एक दिन वह और उनका परिवार एक भयानक दुःस्वप्न के बीच जागे थे। उन्होंने कहा कि उस त्रासदी के लिए जिम्मेदार लोग आज भी उनका पीछा कर रहे हैं और उन्हें इंसाफ की तलाश में देशभर में भटकना पड़ा है। पिछले कई वर्षों में उनके परिवार को कई बार अपना घर बदलना पड़ा है।

बिलकिस बानो ने कहा, “जब हम पर हमला हुआ था, तब हमलावरों के साथ गुंडे और अपराधी खड़े थे। आज पुलिस, अधिकारी और प्रशासन मिलकर उनके हितों के लिए काम कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि उनके मामले में दो दोषियों की सजा पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा हाल ही में लगाई गई रोक ने उन्हें गहरा झटका दिया है। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका, जिसे वह अपनी आखिरी उम्मीद मानती थीं, वहां से भी निराशा मिलना बेहद तकलीफदेह है।

हालांकि, बिलकिस बानो ने केरल में मिले प्यार और समर्थन पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, “मैं अपनी जिंदगी में हुई हर घटना को एक बुरे सपने की तरह देखना चाहती हूं। मैंने कभी किसी से बदला लेने के बारे में नहीं सोचा। मुझे बदला नहीं, बल्कि इंसाफ चाहिए।” उन्होंने लोगों से न्याय की लड़ाई में उनके साथ खड़े होने की अपील की।

सम्मेलन के दौरान वेलफेयर पार्टी के केरल प्रदेश अध्यक्ष रजाक पलेरी और वीमेन जस्टिस मूवमेंट की अध्यक्ष वी.ए. फैज़ा ने बिलकिस बानो को सम्मानित किया। आयोजकों ने कहा कि यह सम्मान केवल पार्टी की ओर से नहीं, बल्कि पूरे केरल की ओर से है। उन्होंने बिलकिस बानो को सिर्फ एक पीड़िता नहीं, बल्कि दुनिया भर में संघर्ष की पहचान बताया।

सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए वेलफेयर पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रईसुद्दीन ने कहा कि भारत में लोकतंत्र का पतन अब हमारी आंखों के सामने हकीकत बनता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है, मीडिया को दबाव में लाया जा रहा है और विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का जिक्र करते हुए कहा कि मतदाता सूची को साफ करने के नाम पर चलाया जा रहा यह अभियान वास्तव में लाखों आम नागरिकों को मतदाता सूची से बाहर करने का जरिया बन गया है।

Related posts

Leave a Comment