Journo Mirror
India

सहारनपुर: मुस्लिम महिला ने पुलिस पर लगाए अवैध हिरासत और वसूली के आरोप, पुलिस ने किया खंडन

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक विवादित मामला सामने आया है, जहां एक मुस्लिम महिला ने पुलिस पर अपने पति को अवैध रूप से हिरासत में लेने, मारपीट करने और ₹80,000 की जबरन वसूली करने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।

शिकायतकर्ता मोमिना का कहना है कि 6 अप्रैल की देर रात पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे और उनके पति आरिफ को जबरन उठा ले गए। उन्होंने दावा किया कि यह कार्रवाई उस समय की गई जब अदालत पहले ही उनके पति की गिरफ्तारी पर रोक लगा चुकी थी।

मोमिना के अनुसार, “मेरे पति को पूरी रात थाने में रखा गया, उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और ₹80,000 देने के बाद ही उन्हें छोड़ा गया।”

महिला ने बताया कि मामले को लेकर इलाहाबाद उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई थी, जहां से गिरफ्तारी पर रोक के आदेश मिले थे। इसके बावजूद पुलिस द्वारा कार्रवाई किए जाने को उन्होंने अदालत की अवमानना बताया है।

उन्होंने यह भी कहा कि रिहाई के बाद उनके पति की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। डॉक्टरों द्वारा शरीर पर चोट के निशान पाए जाने का भी दावा किया गया है।

महिला ने इस मामले में जिला पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत दी है और राज्य सरकार के पोर्टल पर भी अपनी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, पुलिस अधिकारियों ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मामला प्रथम दृष्टया गलत प्रतीत होता है। पुलिस के अनुसार, आरिफ को 9 अप्रैल को एक सड़क दुर्घटना से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद उन्हें नोटिस देकर परिवार के हवाले कर दिया गया और सभी प्रक्रियाओं का रिकॉर्ड भी रखा गया है। अधिकारियों ने यह भी कहा कि उस समय की तस्वीरें महिला के आरोपों की पुष्टि नहीं करती हैं।

फिलहाल, मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी।

Related posts

Leave a Comment