Journo Mirror
India

दिल्ली: 23 वर्षीय मुस्लिम महिला की पति ‘दीपक’ ने की हत्या, 3 साल पहले परिवार की इच्छा के विरुद्ध भागकर दीपक से की थी शादी

राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाके वेलकम में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 23 वर्षीय मुस्लिम महिला हीना की उसके पति दीपक ने कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी।

आरोपी ने खुद पुलिस स्टेशन पहुंचकर अपना जुर्म कबूल किया, जिसके बाद उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना जनता मजदूर कॉलोनी की है।

देर रात करीब 1:30 बजे आरोपी दीपक वेलकम थाने पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां हीना अचेत अवस्था में मिली। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, हीना ने करीब तीन साल पहले अपने परिवार की इच्छा के विरुद्ध दीपक से प्रेम विवाह किया था। दोनों घर से भागकर शादी किए थे और किराए के मकान में रह रहे थे।

पुलिस जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना वाली रात भी दीपक के देर से घर लौटने पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जो इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर उसने हीना का गला घोंट दिया।

मृतका के परिवार ने आरोप लगाया है कि दीपक अक्सर हीना के साथ मारपीट करता था और शराब का आदी था। परिवार का कहना है कि हीना पहले भी अपने साथ हो रहे उत्पीड़न की जानकारी दे चुकी थी।

घटना के बाद से हीना का परिवार गहरे सदमे में है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है। स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में है और मामले की जांच जारी है।

Related posts

Leave a Comment