उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिला में होली के दिन रंग डालने को लेकर हुए विवाद के बाद पुलिस ने आठ मुसलमानों और लगभग 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह घटना अल्लाहगंज थाना क्षेत्र के मौ रसूलपुर गांव में हुई।
एफआईआर के अनुसार, होली के दिन हिंदू समुदाय के कुछ लोग रंग खेल रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर एक मुस्लिम निवासी पर जबरन रंग फेंक दिया, जिससे दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद बढ़ गया और बाद में हिंसक झड़प में बदल गया।
स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, झड़प के दौरान पत्थरबाजी भी हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि इस घटना में कुछ मुस्लिम समुदाय के लोग भी घायल हुए हैं।
मकतूब मीडिया कि रिपोर्ट के मुताबिक़, इस मामले पर राजेश द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शुरुआती विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराकर घर भेज दिया गया था।
हालांकि बाद में जब दोनों पक्ष फिर से बातचीत के लिए इकट्ठा हुए तो बहस और बढ़ गई और आरोप है कि दोनों ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिसमें करीब 11 लोग घायल हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर दोनों समुदायों के 20 लोगों—10 हिंदू और 10 मुस्लिम—को हिरासत में लिया था, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया।
इसके बाद दिव्यांशु नामक व्यक्ति की शिकायत पर 5 मार्च को एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने जायद अली, शाहीन अली, अकील अहमद, अजीम, सोहेल, आमिर, महकू और हसरत सहित कई लोगों को नामजद किया है, जबकि लगभग 100 अज्ञात व्यक्तियों को भी आरोपी बनाया गया है।
इन पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गांव में फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण है, लेकिन किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और मामले की जांच जारी है।

