Journo Mirror
India

ठाणे: बांग्लादेशी होने के संदेह में हिरासत में लिए चार भारतीय मुसलमान, विरोध के बाद प्रशासन ने छोड़ा

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बांग्लादेशी नागरिक होने के संदेह में हिरासत में लिए गए चार भारतीय मुसलमानों को मंगलवार देर रात रिहा कर दिया गया। इनमें तीन महिलाएं और एक नाबालिग बच्चा शामिल था। सभी के पास भारतीय नागरिकता साबित करने वाले वैध दस्तावेज मौजूद थे।

जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों के पास पासपोर्ट, आधार कार्ड और अन्य सरकारी दस्तावेज थे। पश्चिम बंगाल के अधिकारियों द्वारा उनकी नागरिकता का सत्यापन भी किया जा चुका था।

इसके बावजूद स्थानीय अधिकारियों ने उन्हें हिरासत में रखा और दस्तावेजों की जांच जारी रहने की बात कही. मामला उस समय चर्चा में आया जब एआईएमआईएम महिला युवा अध्यक्ष रुबीना अम्मार पटेल ने पुलिस स्टेशन के बाहर से एक वीडियो साझा कर कथित अवैध हिरासत का मुद्दा उठाया।

वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद लोगों में नाराजगी फैल गई और प्रशासन से जवाबदेही की मांग की गई। एआईएमआईएम के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक वारिस पठान सहित कई नेताओं ने इस मामले में हस्तक्षेप किया।

विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन के जरिए प्रशासन पर दबाव बनाया गया। नेताओं का कहना था कि हिरासत में लिए गए लोगों के पास भारतीय नागरिकता साबित करने वाले सभी जरूरी दस्तावेज मौजूद थे।

रुबीना पटेल के अनुसार, दो महिलाएं स्थानीय निवासी थीं, जबकि दो अन्य पश्चिम बंगाल से अपने रिश्तेदारों से मिलने आई थीं। इनमें एक नाबालिग लड़की और एक बच्चा भी शामिल था।

उन्होंने बताया कि हिरासत में ली गई महिलाओं में से एक कई वर्षों से इलाके में रहकर सिलाई का काम कर अपना जीवन यापन कर रही है।

दस्तावेजों की विस्तृत जांच के बाद पुलिस ने माना कि हिरासत में रखने का कोई आधार नहीं बचा है। इसके बाद सभी को देर रात रिहा कर दिया गया। रिहाई के बाद परिवारों ने राहत की सांस ली।

इस घटना ने नागरिकता सत्यापन की प्रक्रिया, पुलिस कार्रवाई और निर्दोष लोगों को हिरासत में लेने के मामलों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सामाजिक संगठनों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अधिक संवेदनशील और पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जाए।

Related posts

Leave a Comment