Journo Mirror
India

11 अगस्त को प्रेस क्लब में होगी उमर खालिद की किताब पर चर्चा

जेल में बंद पूर्व जेएनयू छात्र नेता और शोधार्थी उमर खालिद की किताब ‘Fractured Communities: Adivasi Histories and the Politics of Power’ को लेकर 11 अगस्त को नई दिल्ली स्थित प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में एक पुस्तक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

यह कार्यक्रम उमर खालिद के जेल में छठे जन्मदिन के मौके पर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में उमर खालिद की किताब पर चर्चा की जाएगी। यह पुस्तक आदिवासी इतिहास, समुदायों की राजनीति और सत्ता के संबंधों पर केंद्रित है।

किताब उमर खालिद की जेएनयू में पूरी की गई पीएचडी शोध पर आधारित है और इसे जुगर्नॉट बुक्स ने प्रकाशित किया है।

कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय की समाजशास्त्री नंदिनी सुंदर, राज्यसभा सांसद मनोज झा, उमर खालिद की मां सबीहा खानुम और द वायर के संस्थापक संपादक सिद्धार्थ वरदराजन वक्ता के तौर पर शामिल होंगे। वहीं पत्रकार और लेखिका नेहा दीक्षित कार्यक्रम की मॉडरेटर होंगी।

पोस्टर के अनुसार कार्यक्रम 11 अगस्त को दोपहर 3 बजे प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में होगा। कार्यक्रम स्थल पर किताब की प्रतियां बिक्री के लिए भी उपलब्ध रहेंगी।
‘Fractured Communities’ में झारखंड के सिंहभूम क्षेत्र के आदिवासी समुदाय, उनके इतिहास, सत्ता संरचनाओं और औपनिवेशिक शासन के साथ उनके संबंधों का अध्ययन किया गया है।

किताब को लेकर हाल के दिनों में कई समीक्षाएं भी सामने आई हैं, जिनमें इसके ऐतिहासिक और अकादमिक महत्व पर चर्चा की गई है।

आपको बता दे कि उमर खालिद सितंबर 2020 से जेल में हैं और 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगा मामले में उनके खिलाफ यूएपीए के तहत मामला चल रहा है। इसी बीच उनकी पीएचडी पर आधारित यह किताब प्रकाशित हुई है।

Related posts

Leave a Comment