आगरा/फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में सामूहिक दुष्कर्म और बर्बर हिंसा की शिकार 16 वर्षीय दलित किशोरी की इलाज के दौरान मौत हो गई। करीब एक सप्ताह तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद शुक्रवार को आगरा के अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। किशोरी की मौत के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा भी जोड़ दी है।
घटना 1 नवंबर की है। आरोप है कि तीन लोगों ने किशोरी को बहाने से एक खेत में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और विरोध करने पर बेरहमी से मारपीट की। आरोपियों ने उसका गला घोंटने के साथ ही जबड़े और शरीर के अन्य हिस्सों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद उसे मृत समझकर खेत में छोड़कर फरार हो गए। बाद में किशोरी गंभीर और अर्धबेहोशी की हालत में मिली थी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक, किशोरी के साथ यौन हमला हुआ था। उसकी गर्दन टूट गई थी, जबड़ा बुरी तरह कुचल गया था और शरीर के कई अंगों में फ्रैक्चर थे। गंभीर हालत के चलते उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था। वह मौत से पहले पुलिस के सामने अपना बयान भी दर्ज नहीं करा सकी।
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी 20, 21 और 28 वर्ष के हैं और एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं। इनमें से एक आरोपी किशोरी को कई महीनों से जानता था। पुलिस ने दो आरोपियों को 1 नवंबर की रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था, जबकि तीसरे आरोपी को अगले दिन गिरफ्तार किया गया।
शुरुआत में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 70(2) और 137 के अलावा पॉक्सो अधिनियम तथा अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। किशोरी की मौत के बाद हत्या के प्रयास की धारा 109(1) को हटाकर हत्या से संबंधित धारा 103(1) जोड़ दी गई है।
फिरोजाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस के ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ के तहत मामले की सुनवाई को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत उनकी संपत्तियों की जांच कर कुर्की या जब्ती की कार्रवाई की जा सकती है।
अपर पुलिस अधीक्षक जैविंद गुप्ता ने बताया कि वह स्वयं मामले की जांच की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पीड़ित परिवार को अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मुआवजे सहित अन्य सहायता दिलाने का आश्वासन दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, आश्वासन मिलने के बाद परिवार अंतिम संस्कार के लिए सहमत हुआ।

