Journo Mirror
India

उन्नाव: मोबाइल चोरी के शक में युवक का सिर और मूंछ मुंडवाकर गांव में घुमाने का आरोप, दो लोग गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पाठकपुर गांव में मोबाइल फोन चोरी के शक में एक 30 वर्षीय युवक को कथित तौर पर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। आरोप है कि युवक का सिर और मूंछें मुंडवाकर उसे चप्पलों की माला पहनाई गई और गांव में घुमाया गया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला आसिवन थाना क्षेत्र का है। रिपोर्ट के मुताबिक, युवक पर मोबाइल फोन चोरी करने का शक जताया गया था।

इसके बाद कथित तौर पर गांव में ही उसे सजा देने के नाम पर उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और पुलिस ने जांच शुरू की।

बताया जा रहा है कि राजू और उसके बेटे राज के मोबाइल फोन गायब होने के बाद सोनू पर शक किया गया। आरोप है कि पिता-पुत्र उसे लखनऊ से पकड़कर गांव लेकर आए और उसके साथ मारपीट व सार्वजनिक अपमान किया। हालांकि, युवक पर लगे चोरी के आरोपों की जांच अभी जारी है।

पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद घटना की पुष्टि की गई और आरोपियों की पहचान की गई। मामले में राजू और उसके बेटे राज को गिरफ्तार किया गया है, जबकि घटना में कथित तौर पर शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि किसी व्यक्ति पर चोरी का शक होने पर कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। यदि चोरी हुई थी तो पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जानी चाहिए थी। फिलहाल पुलिस चोरी के आरोप और युवक के साथ किए गए कथित दुर्व्यवहार, दोनों पहलुओं की जांच कर रही है।

इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related posts

Leave a Comment