Journo Mirror
India

बिहार राजगीर मंदिर मेला: चोरी के शक में दो दलित युवकों की पीट-पीटकर हत्या, SIT गठित

बिहार के नालंदा जिले के राजगीर में चल रहे मालमास मेले के दौरान झुनकिया बाबा मंदिर परिसर में चोरी के संदेह में दो दलित युवकों की कथित तौर पर भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान पिंटू पासवान (24) और श्रवण पासवान (18) के रूप में हुई है, जो नालंदा जिले के गंजपार गांव के रहने वाले थे।

रिपोर्ट के मुताबिक, घटना सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे की है। मंदिर प्रशासन का दावा है कि चार युवक कथित रूप से मंदिर परिसर में चोरी की कोशिश कर रहे थे।

इस दौरान श्रद्धालुओं ने उनका पीछा किया। दो युवक भागने में सफल रहे, जबकि पिंटू और श्रवण गिर पड़े और भीड़ के हत्थे चढ़ गए। आरोप है कि भीड़ ने दोनों की लाठियों से बेरहमी से पिटाई की।

घटना के बाद मंदिर सुरक्षा कर्मियों ने दोनों घायलों को भीड़ से छुड़ाकर पुलिस के हवाले किया। उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।

नालंदा के पुलिस अधीक्षक भरत सोनी ने कहा कि यह दोहरे हत्याकांड का मामला है और इसकी हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम कराया जा चुका है, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई गई हैं और कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

मामले की जांच के लिए राजगीर डीएसपी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का भी गठन किया गया है। मृतक पिंटू पासवान की मां सरोज देवी ने कहा कि उनके बेटे के पिता का पहले ही निधन हो चुका था और पिंटू ही परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था।

उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि परिवार को न्याय मिलना चाहिए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है।

Related posts

Leave a Comment