अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित ‘सशक्त पंचायत-नेत्री अभियान’ राष्ट्रीय सम्मेलन में बिहार की सिसवा पूर्वी पंचायत (बंजरिया प्रखंड, पूर्वी चंपारण) की मुखिया तान्या प्रवीण को उनके उत्कृष्ट नेतृत्व और जनकल्याणकारी कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
इस सम्मेलन में केंद्रीय पंचायत राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खड़से सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
मुखिया तान्या प्रवीण को पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं के सफल क्रियान्वयन, महिला सशक्तिकरण और समाज सेवा के प्रति समर्पण के लिए यह सम्मान दिया गया। उनके नेतृत्व में सिसवा पूर्वी पंचायत ने कई जनोपयोगी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू किया, जिससे पंचायत के विकास में उल्लेखनीय बदलाव आया।
गौरतलब है कि वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘समाधान यात्रा’ के तहत तान्या प्रवीण के पंचायत का दौरा किया था, जहां उनके कार्यों की सराहना की थी। इससे पहले भी उन्हें राज्य स्तर पर कई पुरस्कार मिल चुके हैं।
इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर के 1200 से अधिक निर्वाचित महिला प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को पंचायती राज व्यवस्था में अधिक सशक्त और प्रभावशाली बनाना था।
तान्या प्रवीण को यह सम्मान पंचायती राज मंत्रालय द्वारा संचालित योजनाओं में उनकी उत्कृष्ट भागीदारी और प्रभावशाली कार्यशैली के लिए दिया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह सम्मान गांव-गांव की उन महिलाओं को समर्पित है, जो अपने अधिकारों और विकास के लिए आगे बढ़ रही हैं।
मुखिया तान्या प्रवीण की इस उपलब्धि पर पूर्वी चंपारण सहित पूरे बिहार में खुशी की लहर है। विभिन्न जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। बधाई देने वालों में जफीर आजाद चमन, जिला परिषद सदस्य ई. तौसीफुर रहमान, हिंदुस्तान आवाम वॉइस एंड ऑर्गेनाइजेशन के प्रमुख अतीकुर रहमान, मुखिया विनोद कुमार यादव, वीणा सिंह, आदिल राणा, माया देवी, ओज़ोर अंजुम सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल रहे।
मुखिया तान्या प्रवीण की यह उपलब्धि महिला सशक्तिकरण और पंचायत स्तर पर नेतृत्व क्षमता का एक बेहतरीन उदाहरण है। उनके कार्यों ने यह साबित किया है कि सही नीति और नेतृत्व से जमीनी स्तर पर भी बदलाव लाया जा सकता है। इस सम्मान के बाद तान्या प्रवीण का नाम बिहार की अग्रणी महिला पंचायत नेताओं में शुमार हो गया है, जो आगे भी गांव और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।