Journo Mirror
India

दिल्ली-एनसीआर में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, पुलिस ने राजवीर और विवेक को किया गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली-एनसीआर में संभावित आतंकी हमलों की साजिश को नाकाम कर दिया है। इस मामले में मध्य प्रदेश के ग्वालियर के दो युवक राजवीर और विवेक बंजारा को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर और कथित आईएसआई एजेंट शहजाद भट्टी के निर्देश पर काम कर रहे थे। उन्हें सोशल मीडिया के जरिए भर्ती किया गया और पैसे का लालच देकर इस नेटवर्क में शामिल किया गया।

जांच में सामने आया है कि इन दोनों को दिल्ली-एनसीआर के भीड़भाड़ वाले इलाकों, खासकर बड़े होटलों में गोलीबारी और ग्रेनेड हमलों जैसी वारदातों को अंजाम देने की जिम्मेदारी दी गई थी।

विवेक बंजारा को 16 अप्रैल 2026 को ग्वालियर के डबरा से गिरफ्तार किया गया, जबकि राजवीर को 18 अप्रैल को दिल्ली के सराय काले खान से पकड़ा गया। पुलिस ने राजवीर के पास से एक पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों के मोबाइल फोन से आपत्तिजनक सामग्री और साजिश से जुड़े अहम सबूत भी मिले हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने पंजाब के ज़ीरकपुर में एक क्लब पर गोलीबारी की कोशिश की थी, जो हथियार में खराबी के कारण नाकाम रही। इस घटना का वीडियो बनाकर उन्होंने अपने हैंडलर को भेजा था।

पुलिस के मुताबिक, यह मामला एक बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है, जिसमें सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को फंसाकर अपराध और आतंकी गतिविधियों में शामिल किया जा रहा है।

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और आगे और गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।

Related posts

Leave a Comment