मध्य प्रदेश के बालाघाट में संक्रामक बीमारियों और कुपोषण के कारण 30 आदिवासी बच्चों की मौत के मामले को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस सेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. आज बालाघाट पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया।
कांग्रेस सेवा दल के मुताबिक, पिछले कई दिनों से सेवा दल के कार्यकर्ता प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचा रहे हैं। संगठन का कहना है कि राहत और सेवा कार्य लगातार जारी है, ताकि बीमारी और कुपोषण के कारण किसी और बच्चे की जान न जाए।
बालाघाट पहुंचे श्रीनिवास बी.वी. ने आरोप लगाया कि प्रशासन और राज्य सरकार बच्चों की मौत से जुड़े वास्तविक आंकड़ों को छिपाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी इस मामले को प्रदेश सरकार की विफलता से जोड़ चुके हैं।
श्रीनिवास बी.वी. ने कहा कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद राज्य सरकार ने अभी तक किसी बड़े प्रशासनिक अधिकारी या जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और बच्चों की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि आदिवासी परिवारों की स्थिति बेहद गंभीर है और ऐसे समय में प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए। कांग्रेस सेवा दल ने दावा किया कि उसके कार्यकर्ता लगातार प्रभावित परिवारों के बीच रहकर राहत पहुंचाने का काम कर रहे हैं।
कांग्रेस सेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि #SOSSevaDal के कार्यकर्ता आगे भी राहत और सेवा कार्य में जुटे रहेंगे। उन्होंने सरकार से मांग की कि बच्चों की मौत के मामले में वास्तविक स्थिति सामने लाई जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं।

