Journo Mirror
Uncategorized

बांकुड़ा में अब्दुल मफीक के परिवार से मिले IYC प्रभारी मनीष शर्मा, निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

बांकुड़ा, पश्चिम बंगाल: भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा और पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में मृतक अब्दुल मफीक के परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने परिवार को न्याय की लड़ाई में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

मनीष शर्मा ने अब्दुल मफीक की मौत को केवल एक घटना नहीं बल्कि बंगाल के मौजूदा हालातों से जोड़ते हुए कहा कि कांग्रेस इस लड़ाई में परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब तक हमले में शामिल लोगों की गिरफ्तारी और परिवार की मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक भारतीय युवा कांग्रेस न्याय के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

मनीष शर्मा ने प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए पूछा कि पश्चिम बंगाल में कानून का राज है या गुंडों का? उन्होंने कहा कि यदि अब्दुल मफीक पर हमले की आशंका पहले से मौजूद थी तो उन्हें समय रहते सुरक्षा क्यों नहीं दी गई। उन्होंने हमले के बाद उचित इलाज और सुरक्षा उपलब्ध कराने में कथित देरी को लेकर भी जवाबदेही तय करने की मांग की।

IYC प्रभारी ने कहा कि अब्दुल हफीज ने अपने स्कूल की बदहाल व्यवस्था, टूटी सड़कों और गांव में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर सवाल उठाए थे। कांग्रेस के मुताबिक, इन सवालों का जवाब देने के बजाय हिंसा का सहारा लिया गया। मनीष शर्मा ने कहा कि 13 तारीख की रात हुए हमले के बाद अब्दुल मफीक को समय पर इलाज नहीं मिलना और 15 तारीख को उनकी मौत होना पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जरूरत को और गंभीर बनाता है।

भारतीय युवा कांग्रेस ने मांग की है कि अब्दुल मफीक की मौत की तत्काल और निष्पक्ष जांच की जाए तथा हमले में शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार किया जाए। संगठन ने हिंसा में शामिल भीड़ के सदस्यों की पहचान कर उनकी भूमिका की जांच करने की भी मांग की है।

इसके अलावा, IYC ने अब्दुल हफीज और उनके परिवार को पूरी कानूनी सुरक्षा एवं सहायता उपलब्ध कराने तथा परिवार को समय पर चिकित्सा सुविधा हासिल करने से रोकने की किसी भी कोशिश की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि परिवार को न्याय मिलने तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी।

Related posts

Leave a Comment