Journo Mirror
India

केरल: मुस्लिम बच्चों को प्रवेश से वंचित करने का आरोप, प्रिंसिपल ने कहा- यहां मुसलमानों को प्रवेश की अनुमति नहीं है

केरल के कोल्लम जिले में स्थित एक सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल पर मुस्लिम बच्चों को प्रवेश देने से इनकार करने का आरोप लगा है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि स्कूल की प्रधानाध्यापिका ने कथित तौर पर अभिभावकों और छात्रों से कहा कि “इस स्कूल में मुसलमानों को प्रवेश की अनुमति नहीं है” तथा सफेद कपड़े पहनकर आने वाले बच्चों को भी दाखिला नहीं दिया जाएगा।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, चक्कुवल्ली के एक दर्स (इस्लामी शिक्षण केंद्र) के कुछ छात्रों सहित करीब 30 बच्चों ने सस्थमकोट्टा स्थित डॉ. सी.टी. ईपेन मेमोरियल आरएचएस स्कूल में प्रवेश के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि शिक्षकों और पीटीए प्रतिनिधियों के अनुरोध के बावजूद इन बच्चों को दाखिला नहीं दिया गया।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस संबंध में स्कूल प्रबंधन और जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) को भी शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, स्कूल में कक्षा 5 से 10 तक केवल 63 छात्र हैं और हाई स्कूल सेक्शन में वर्तमान में केवल एक मुस्लिम छात्र नामांकित है।

पीटीए के उपाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रवेश से इनकार का मुख्य कारण बच्चों का मुस्लिम समुदाय से होना था। कुछ शिक्षकों ने भी दावा किया है कि प्रधानाध्यापिका पहले भी इसी तरह के व्यवहार को लेकर विवादों में रही हैं।

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए केरल के शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिकायत की पुष्टि होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे को शिक्षा के अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता और मामले की जांच के बाद आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Related posts

Leave a Comment