महाराष्ट्र के जलगांव जिले में मस्जिद के इमाम के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने एक इमाम को रास्ते में रोककर उनसे जबरन “जय श्री राम” के नारे लगवाए और पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया।
घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों में नाराजगी देखी गई। जानकारी के अनुसार, यावल तालुका के मारुल गांव निवासी हाफिज़ क़सम पास के परोला गांव में नमाज पढ़ाने गए थे।
नमाज के बाद वापस लौटते समय कथित तौर पर चार से पांच लोगों ने उन्हें घेर लिया और धार्मिक नारे लगाने के लिए दबाव बनाया। आरोप है कि इस दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर साझा किया गया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद एआईएमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने घटना की निंदा की और पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
शिकायत के बाद पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर दर्ज होने और मामले के तूल पकड़ने के बाद एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें आरोपियों में से एक व्यक्ति मुस्लिम समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए माफी मांगता दिखाई दे रहा है।
माना जा रहा है कि यह वीडियो सार्वजनिक आक्रोश और पुलिस कार्रवाई के बाद जारी किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों को खंगालने में जुटी हुई है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

