दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में लगी भीषण आग के दौरान पांच मुस्लिम युवकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर कई लोगों की जान बचाई। इस दर्दनाक हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए। घटना के बाद इन युवकों की बहादुरी की सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है।
मालवीय नगर से भाजपा विधायक Satish Upadhyay ने सोशल मीडिया पर इन युवकों की तस्वीरें साझा करते हुए उनके साहस को सलाम किया। उन्होंने अफजल, मोहम्मद शाहरुख, मोहम्मद अनीश, मोहम्मद आमिर और मोहम्मद वसीम की प्रशंसा करते हुए लिखा, “इन बहादुरों को सलाम।”
विधायक के अनुसार, इन युवकों ने दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर कई बार जलती हुई इमारत में प्रवेश किया और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।
स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। होटल के सामने गद्दों की दुकान चलाने वाले 61 वर्षीय रियाजुद्दीन ने अपनी दुकान के गद्दे सड़क पर बिछा दिए ताकि ऊपर की मंजिलों से जान बचाने के लिए कूद रहे लोगों को चोट कम लगे।
बताया जा रहा है कि इस दौरान उन्हें करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ, लेकिन उनकी मदद से कई लोगों की जान बच सकी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग और धुएं के तेजी से फैलने के कारण कई लोग खिड़कियों से मदद के लिए पुकार रहे थे। स्थानीय निवासी, दुकानदार और स्वयंसेवक दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही राहत और बचाव कार्य में जुट गए। कुछ लोग धुएं से भरी इमारत में बार-बार प्रवेश कर जीवित बचे लोगों की तलाश करते रहे।
अधिकारियों के मुताबिक इस हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हुई और 40 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जांच में होटल में अग्नि सुरक्षा नियमों के गंभीर उल्लंघन सामने आए हैं। पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
इस बीच सोशल मीडिया पर उन मुस्लिम युवकों और स्थानीय लोगों की जमकर प्रशंसा की जा रही है जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना राहत और बचाव कार्य में हिस्सा लेकर मानवता की मिसाल पेश की।

