Journo Mirror
India

नेपाल: राहत कार्यों में जुटा कांग्रेस सेवादल, श्रीनिवास बी.वी. ने कहा- आपदा सरहदें नहीं देखती

देश के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ से पैदा हुए हालात के बीच कांग्रेस सेवादल ने राहत और पुनर्वास अभियान तेज कर दिया है। संगठन के मुताबिक, #SOSSevaDal अभियान के तहत कार्यकर्ता असम, बिहार, मध्य प्रदेश के चित्रकूट, प्रयागराज समेत कई बाढ़ प्रभावित इलाकों और पड़ोसी देश नेपाल में राहत सामग्री वितरण, भोजन, चिकित्सा सहायता और पुनर्वास कार्यों में जुटे हुए हैं।

कांग्रेस सेवादल का कहना है कि राहत टीमों द्वारा बाढ़ प्रभावित लोगों तक राशन, भोजन, दवाइयां और अन्य जरूरी सामान पहुंचाया जा रहा है। इसके अलावा जिन लोगों के घर बाढ़ में प्रभावित हुए हैं, उनके लिए अस्थायी आश्रय और पुनर्वास से जुड़े कार्य भी किए जा रहे हैं।

कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. भी बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर राहत कार्यों में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेवादल के कार्यकर्ता नेता विपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के निर्देश पर लगातार राहत कार्यों में जुटे हैं।

श्रीनिवास बी.वी. ने कहा, “आपदा सरहदें नहीं देखती, ये वक्त है अपने पीड़ित भाई-बहनों के साथ खड़े होने का। मुसीबत की इस घड़ी में हम अपने हिस्से की मदद का हाथ बढ़ाते रहेंगे।” उन्होंने कहा कि बाढ़ ने हजारों परिवारों के सामने जीवन और आजीविका का गंभीर संकट खड़ा कर दिया है और यह समय राजनीति करने के बजाय पीड़ित लोगों के साथ खड़े होने का है।

उन्होंने आगे कहा कि देश के कई हिस्सों में लोग बाढ़ के पानी में फंसे हैं, जबकि बड़ी संख्या में परिवार अपने घरों से विस्थापित हैं। ऐसे में भोजन, पानी और दवाइयों की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सेवादल सेवा को केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं बल्कि अपनी मूल विचारधारा मानता है और महात्मा गांधी के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने के विचार से प्रेरित होकर स्वयंसेवक जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहे हैं।

कांग्रेस सेवादल ने कहा कि उसका संदेश स्पष्ट है कि आपदा की इस घड़ी में कोई अकेला नहीं है। संगठन के मुताबिक, सेवा, संवेदना और सहयोग के साथ उसके कार्यकर्ता बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच राहत और पुनर्वास का काम जारी रखेंगे।

Related posts

Leave a Comment