Journo Mirror
India

RSS को अपना अस्तित्व साबित करने के लिए पंजीकरण की जरूरत नहीं: बीएल संतोष

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने आरएसएस के पंजीकरण को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को अपनी वैधता या अस्तित्व साबित करने के लिए किसी औपचारिक पंजीकरण की जरूरत नहीं है। संतोष ने कहा कि आरएसएस लंबे समय से लाखों लोगों के विश्वास के आधार पर काम कर रहा है।

कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खड़गे द्वारा आरएसएस के पंजीकरण की मांग किए जाने के बाद बीएल संतोष ने यह प्रतिक्रिया दी। हिंदू जागरण वेदिके की ओर से आयोजित ‘अखंड भारत संकल्प दिवस’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसी संगठन का अस्तित्व केवल उसके पंजीकरण से तय नहीं होता।

संतोष ने कहा, “पंजीकरण से इसका अस्तित्व निर्धारित नहीं होता; यह लाखों लोगों के विश्वास के बल पर चलने वाला संगठन है।” उन्होंने दावा किया कि विभाजन के दौर में भी आरएसएस बिना औपचारिक पंजीकरण के काम करता रहा और हिंदुओं के साथ खड़ा रहा।

बीएल संतोष ने अपने भाषण में देश के जनसांख्यिकीय बदलावों को राष्ट्रीय पहचान से जोड़ते हुए दावा किया कि किसी क्षेत्र में हिंदू आबादी में गिरावट से भारत के प्रति जुड़ाव की भावना कमजोर होती है। उन्होंने बेंगलुरु के शिवाजीनगर और चामराजपेट विधानसभा क्षेत्रों का उदाहरण देते हुए राजनीतिक दलों को हिंदू उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारने की चुनौती दी।

उन्होंने कहा, “हिंदुओं को बहुमत में रहना चाहिए क्योंकि भारत को भारत ही रहना चाहिए।” उन्होंने पाकिस्तान के निर्माण के पीछे मुस्लिम लीग की राजनीतिक लामबंदी को भी जिम्मेदार बताया।

Related posts

Leave a Comment