Journo Mirror
India

छात्रों पर बर्बरतापूर्ण कार्रवाई के लिए अमित शाह सीधे तौर पर जिम्मेदार: राहुल गांधी बोले

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने धर्मेंद्र प्रधान के शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफे को छात्रों की जीत बताया और उन्हें बधाई दी। उन्होंने छात्रों पर हुई कथित बर्बरतापूर्ण कार्रवाई के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया।

दस जनपथ पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग, गोलीबारी और पैलेट गन जैसे घातक हथियारों के इस्तेमाल की अनुमति गृह मंत्री अमित शाह ने दी थी। उन्होंने मांग की कि प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज और पैलेट गन चलाने के आदेश देने वालों और उन आदेशों को लागू करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी देश के युवाओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सरकार के मुखिया हैं और युवाओं के भविष्य के साथ हुए कथित खिलवाड़ तथा छात्रों पर हुई कार्रवाई के लिए उन्हें जवाब देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि विपक्ष संसद में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगा। राहुल गांधी ने कहा कि देश के भविष्य यानी छात्रों पर सुरक्षा बलों द्वारा गोली चलाना किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

राहुल गांधी ने कहा, “यह लड़ाई अतीत और भविष्य के बीच है। नरेंद्र मोदी और आरएसएस अतीत हैं, जबकि भारत के युवा देश का भविष्य हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि भारत का भविष्य देश के अतीत को हरा देगा।”

कांग्रेस नेता ने देश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी केंद्र सरकार और आरएसएस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से शिक्षा व्यवस्था पर लगातार हमले हो रहे हैं और शिक्षा का निजीकरण किया जा रहा है। उनके मुताबिक, आरएसएस देश की शिक्षा व्यवस्था पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है।

राहुल गांधी ने धर्मेंद्र प्रधान को भ्रष्टाचार, शिक्षा व्यवस्था के कथित विनाश और अक्षमता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि उनका शिक्षा मंत्री पद से जाना तय था, लेकिन अब सरकार को शिक्षा प्रणाली में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।

देश में जारी आर्थिक संकट का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों और विपक्ष का आंदोलन सरकार के लिए एक चेतावनी है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार इसी तरह देश चलाती रही तो आने वाले समय में आज के मुकाबले दस गुना बड़ा विरोध देखने को मिल सकता है।

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि कांग्रेस देशभर में छात्रों से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए अपना ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम जारी रखेगी।

इससे पहले राहुल गांधी ने जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल कर रहे छात्रों से मुलाकात की। बैठक के बाद उन्होंने बताया कि छात्रों के साथ पेपर लीक, छात्र आंदोलन और आरएसएस द्वारा शिक्षा व्यवस्था पर कथित कब्जे जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें उन युवाओं पर गर्व है जो संविधान और लोकतांत्रिक संस्थानों पर कथित हमले तथा देश के भविष्य को प्रभावित करने वाली नीतियों के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।

Related posts

Leave a Comment