Journo Mirror
India

नेपाल में मुस्लिम आरक्षण खत्म करने की मांग को लेकर 12वें दिन भी अनशन जारी, हिंदू संगठन ने दिया समर्थन

काठमांडू/सुनसरी: नेपाल के सुनसरी जिले में हुई घटना को लेकर विभिन्न मांगों के समर्थन में राष्ट्रीय एकता दल के अध्यक्ष विनय यादव का आमरण अनशन 12वें दिन भी जारी रहा। यादव मुस्लिम आरक्षण खत्म करने के साथ-साथ सुनसरी घटना के पीड़ितों को न्याय दिलाने और नेपाल मुस्लिम आयोग को भंग करने समेत कई मांगें उठा रहे हैं।

यादव के अनशन को नेपाली कांग्रेस से जुड़े सनातन हिंदू राष्ट्र स्थापना महाअभियान के संयोजक शंकर भंडारी ने भी समर्थन दिया है। भंडारी ने एक पत्र जारी कर नेपाल सरकार से अनशनकारी पक्ष के साथ तत्काल बातचीत शुरू करने की मांग की है।

शंकर भंडारी ने कहा कि अनशन 12वें दिन पहुंच चुका है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक अनशनकारी पक्ष से संवाद करने या उनकी मांगों पर विचार करने की कोई पहल नहीं हुई है। उन्होंने इसे गंभीर चिंता का विषय बताते हुए विनय यादव के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता जताई।

भंडारी के मुताबिक, यह आंदोलन सुनसरी जिले के देवानगंज गांवपालिका-3 के कप्तानगंज में हुई घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को न्याय, घायलों के बेहतर इलाज, निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर शुरू किया गया है।

उन्होंने कहा कि मामले को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए, क्योंकि यह न्याय, नागरिक सुरक्षा और सामाजिक शांति से जुड़ा विषय है।

समर्थन देने वाले संगठन ने सीमावर्ती क्षेत्रों में कथित अवैध आवाजाही, गैरकानूनी बसावट और संभावित सांप्रदायिक उग्रवादी गतिविधियों पर नियंत्रण की भी मांग की है। संगठन का कहना है कि मधेश सहित सीमावर्ती इलाकों में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

वहीं, अनशनकारी विनय यादव ने कहा है कि सुनसरी घटना के पीड़ितों को न्याय मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने नेपाल मुस्लिम आयोग को भंग करने की मांग भी दोहराई है। यादव का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Related posts

Leave a Comment