लोकसभा में विपक्ष के नेता Rahul Gandhi ने प्रधानमंत्री Narendra Modi पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार अपनी नाकामियों की जिम्मेदारी जनता पर डाल रही है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री जनता से “सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, पेट्रोल कम जलाओ, खाद और खाने का तेल कम करो, मेट्रो में चलो और घर से काम करो” जैसी बातें कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह कोई उपदेश नहीं बल्कि सरकार की विफलताओं के सबूत हैं।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में देश को ऐसी स्थिति में पहुंचा दिया गया है जहां जनता को यह बताया जा रहा है कि क्या खरीदना है, क्या नहीं खरीदना है और कहां जाना है या नहीं जाना है।
राहुल गांधी ने कहा कि हर बार जिम्मेदारी जनता पर डाल दी जाती है ताकि सरकार खुद जवाबदेही से बच सके।
अपने पोस्ट में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को “Compromised PM” बताते हुए कहा कि अब देश चलाना उनके बस की बात नहीं रह गई है।
राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब महंगाई, ईंधन की कीमतों और आर्थिक मुद्दों को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर निशाना साध रहा है।

