मलयालम के प्रमुख समाचार चैनल MediaOne TV ने अपने फेसबुक पेज पर भारत में लगाए गए प्रतिबंध के खिलाफ केरल उच्च न्यायालय का रुख किया है। चैनल ने अपनी याचिका में इस कार्रवाई को मनमाना बताते हुए सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के उल्लंघन का आरोप लगाया है।
याचिका के अनुसार, शुक्रवार को “मीडियावन टीवी” के फेसबुक पेज को भारत में अचानक ब्लॉक कर दिया गया, जिससे देश के उपयोगकर्ता उस तक पहुंच नहीं बना पा रहे हैं। चैनल का कहना है कि यह कार्रवाई बिना किसी विशेष पोस्ट या सामग्री का हवाला दिए की गई, जो कि प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ है।
मीडियावन ने अदालत में दलील दी कि Facebook को अपनी नीतियों के उल्लंघन पर सामग्री हटाने का अधिकार है, लेकिन पूरे पेज को ब्लॉक करना उसके अधिकार क्षेत्र से बाहर है। चैनल के मुताबिक, फेसबुक की ओर से केवल इतना बताया गया कि यह कदम “भारत सरकार या कानून प्रवर्तन एजेंसियों के अनुरोध” पर उठाया गया है।
चैनल ने इस फैसले को चुनौती देते हुए राहत की मांग की है. हालांकि, यह भी सामने आया है कि भारत में ब्लॉक होने के बावजूद यह फेसबुक पेज विदेशों में अभी भी उपलब्ध है और उस पर समाचार व वीडियो अपलोड करने जैसी गतिविधियां जारी हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले जनवरी 2022 में केंद्र सरकार ने “राष्ट्रीय सुरक्षा” का हवाला देते हुए मीडियावन टीवी के प्रसारण पर रोक लगा दी थी।
लेकिन अप्रैल 2023 में भारत का सर्वोच्च न्यायालय ने इस प्रतिबंध को रद्द करते हुए कहा था कि ठोस सबूतों के बिना राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर कार्रवाई उचित नहीं है, और सरकार की आलोचना किसी मीडिया संस्थान को “राष्ट्र-विरोधी” नहीं कह सकता।

