Journo Mirror
India

चंदौसी में दिखी भाईचारे की मिसाल, मुसलमानों ने भगवान गणेश को चढ़ाया दो क्विंटल लड्डुओं का भोग

उत्तर प्रदेश के संभल जिले की चंदौसी में गणेश चौथ मेले के दौरान मुस्लिम समाज ने भगवान गणेश को दो क्विंटल लड्डुओं का भोग चढ़ाकर सांप्रदायिक सौहार्द और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। सोमवार शाम करीब 6 बजे मुस्लिम समाज के लोगों ने गणेश प्रतिमा के समक्ष लड्डुओं का भोग अर्पित किया। इस पहल की मेले में काफी चर्चा रही।

चंदौसी का गणेश चौथ मेला धार्मिक आस्था के साथ-साथ गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सौहार्द के लिए भी जाना जाता है। इस वर्ष मेले का उद्घाटन 12 सितंबर को विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों ने मिलकर किया था। सोमवार को मेले के दौरान रथ यात्रा भी निकाली गई, जिसमें अलग-अलग विषयों पर आधारित स्वचालित झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं।

रथ यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। रथ यात्रा का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने किया। इसी दौरान मुस्लिम समाज की ओर से भगवान गणेश को चढ़ाए गए दो क्विंटल लड्डुओं के भोग ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

मुस्लिम समाज से जुड़े इशहाक बैग ने बताया कि वर्ष 2001 से हर साल गणेश चौथ मेले में मुस्लिम समाज की ओर से भगवान गणेश को लड्डुओं का भोग चढ़ाया जाता है। उन्होंने कहा कि यह केवल किसी धार्मिक आयोजन में भागीदारी नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश देने वाली परंपरा है।

इस वर्ष भी मुस्लिम समाज के लोगों ने परंपरा को आगे बढ़ाते हुए दो क्विंटल लड्डुओं का भोग चढ़ाया और एक-दूसरे को बधाई दी। आयोजन के दौरान लोगों ने मिल-जुलकर त्योहार मनाने और आपसी सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।

चंदौसी में मुस्लिम समाज की यह पहल एक बार फिर क्षेत्र की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द की मिसाल के तौर पर सामने आई है। धार्मिक आयोजन में समुदायों की साझा भागीदारी ने आपसी भाईचारे और एकता का संदेश दिया।

Related posts

Leave a Comment